धमतरी। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल एक बार फिर जांच एजेंसी के रडार पर हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की आठ सदस्यीय टीम ने गुरुवार को धमतरी स्थित उनके ठिकानों पर दबिश दी।
यह भी पढ़े :- Sugar Stock Limit: चीनी कारोबारियों के लिए 15 दिन की स्टॉक सीमा, त्योहारों से पहले सरकार ने क्यों कसा शिकंजा?
ED की टीम के पहुंचने के बाद परिसर के बाहर सुरक्षा बल तैनात किया गया। वहीं, टीम के अधिकारी अंदर दस्तावेजों और अन्य संबंधित रिकॉर्ड की जांच में जुटे हुए हैं। कार्रवाई के दौरान परिसर में आवाजाही पर भी निगरानी रखी गई।
रामगोपाल अग्रवाल को इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय ने रायपुर केंद्रीय जेल से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें सात दिन की ED हिरासत में भेजा था।
जांच एजेंसी की कार्रवाई कथित शराब घोटाले के साथ-साथ कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों की जांच से भी जुड़ी बताई जा रही है। ED को आशंका है कि इन मामलों से जुड़े कथित धन के लेन-देन में रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका रही है।
फिलहाल ED की टीम दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।




