बेमेतरा। जिले के आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या शाला में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। छात्राओं को परोसे गए भोजन में कथित तौर पर डामर जैसी गोली मिलने के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। खाना खाने के बाद कई छात्राओं ने पेट दर्द और असहजता की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
यह भी पढ़े :- चिदंबरम के नक्सलवाद वाले बयान पर बस्तर शांति समिति नाराज, माफी की मांग
जानकारी के मुताबिक, 28 छात्राओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग और प्रशासन के अधिकारी स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन से पूरे मामले की जानकारी ली और भोजन तथा उसमें इस्तेमाल की गई सामग्री की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि स्कूल में छात्राओं के लिए नियमित रूप से मध्यान्ह भोजन तैयार किया जाता है। भोजन परोसने के दौरान उसमें कथित तौर पर डामर जैसी गोली मिलने की बात सामने आई। इसके बाद कुछ छात्राओं ने तबीयत खराब होने की शिकायत की। स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तत्काल अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।
भोजन की गुणवत्ता पर उठे सवाल
घटना के बाद स्कूल में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर भोजन में संदिग्ध बाहरी वस्तु कैसे पहुंची, इसे लेकर जांच की जा रही है। प्रशासन द्वारा भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, खाद्य सामग्री के भंडारण और उसकी जांच से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता छात्राओं के स्वास्थ्य पर है। वहीं, जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि भोजन में संदिग्ध वस्तु किस परिस्थिति में पहुंची और इस मामले में किसी की लापरवाही थी या नहीं। लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।




