कवर्धा। कुंडा थाना क्षेत्र में मुंगेली-पंडरिया मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने खेत से काम कर लौट रहे मोपेड सवार पिता-पुत्री को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय फुलेश्वरी निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़े :- शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 6 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद
हादसा डोमसरा गांव के पास बिजली ऑफिस के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि फुलेश्वरी अपने पिता के साथ मोपेड से खेत से काम कर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फुलेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पिता को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
ग्रामीणों से सूचना मिलने पर कुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे की खबर के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




