जैजैपुर (सक्ती): सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में दूसरी शादी करने की जिद पर अड़े एक पति द्वारा अपनी ही पत्नी पर धारदार टांगी से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।
यह भी पढ़े :- साइबर ठगी के अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़, लड़की की आवाज निकालकर करते थे लाखों की ठगी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सोमवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, घटना 16 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे की है। पीड़िता के पुत्र रामलाल सहीस ने जैजैपुर थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता राजकुमार सहीस उसकी मां सुमन बाई को पसंद नहीं करते थे। आरोपी पिछले करीब पांच वर्षों से परिवार से अलग थलग व्यवहार कर रहा था और घर पर खान-पान भी नहीं करता था। वह अक्सर अपनी पत्नी से विवाद कर दूसरी शादी करने की बात कहता था।
घर छोड़ने से मना करने पर हमला
घटना के दिन आरोपी ने अपनी पत्नी सुमन बाई पर घर छोड़कर चले जाने का दबाव बनाया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो गुस्से में आकर राजकुमार सहीस ने पास में रखी धारदार टांगी से सुमन बाई के सिर पर जानलेवा वार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी टांगी को कमरे में छिपाकर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जैजैपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर ग्राम भोथिया के बाहर घेराबंदी कर आरोपी राजकुमार सहीस को धर दबोचा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल टांगी को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




