कोरबा। बांकीमोंगरा के चांदनी चौक के पास सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक ट्रेलर के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़े :- कटघोरा-उरगा NH से अप्रभावित जमीनों की रजिस्ट्री खोलने की मांग, मंत्री लखन लाल देवांगन ने कलेक्टर को लिखा पत्र
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अमरदीप आंचल और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और चांदनी चौक पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है।
दो युवकों की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं हादसे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




