बलरामपुर। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां तालाब में डूब रहे पति को बचाने के लिए पत्नी ने भी पानी में छलांग लगा दी। दुर्भाग्यवश दोनों गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके। हादसे में पति-पत्नी की डूबने से मौत हो गई। घटना अमरपुर के बड़का जोभी गांव की बताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- ‘हैसियत में रहो, दिमाग खराब हो गया है…’, गाड़ी रोके जाने पर CO से भिड़े BJP विधायक, वीडियो वायरल
मृतकों की पहचान मुनेश्वर नाग और उनकी पत्नी घुघरी नाग के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मुनेश्वर नाग किसी काम से वन विभाग के तालाब के पास गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे तालाब के पानी में गिरकर डूबने लगे। पति को मुश्किल में देखकर घुघरी नाग ने उन्हें बचाने के लिए बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी।
पत्नी के पानी में उतरने के बाद दोनों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण उनका प्रयास सफल नहीं हो सका। देखते ही देखते दोनों पानी में डूब गए। इस दौरान वहां मौजूद उनकी रिश्तेदार जसमती ने भी दंपती को बचाने के लिए तालाब में उतरने की कोशिश की। हालांकि स्थिति बिगड़ती देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और जसमती को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद कुसमी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से पुलिस ने तालाब में तलाश अभियान चलाया और काफी प्रयास के बाद मुनेश्वर नाग और घुघरी नाग के शवों को पानी से बाहर निकलवाया।
इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में शव वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण मृतकों के परिजनों को निजी वाहन की व्यवस्था कर शव अस्पताल तक ले जाना पड़ा।
पुलिस ने घटना के संबंध में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




