मथुरा। वृंदावन में हरियाली तीज के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर अलीगढ़ की कोल विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अनिल पाराशर और हाथरस के सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़े :- शिक्षकों की नियुक्ति और स्कूल मर्ज करने के विरोध में पालकों का प्रदर्शन, दो स्कूलों में जड़ा ताला
वायरल वीडियो में विधायक पुलिस अधिकारी से नाराजगी जताते हुए कथित तौर पर कहते नजर आ रहे हैं, ‘तानाशाही मत करो, वर्दी का सम्मान करो। हैसियत में रहो।’ वीडियो में वह यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि ‘दिमाग खराब हो गया है।’
यातायात व्यवस्था के दौरान रोकी गई विधायक की गाड़ी
हरियाली तीज के अवसर पर वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर बैरियर लगाए थे। दूसरे जिलों से भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसी क्रम में हाथरस के सीओ अमित पाठक की ड्यूटी भी वृंदावन में लगाई गई थी।
बताया गया कि अटल्ला चुंगी से पहले एक बैरियर पर विधायक अनिल पाराशर की गाड़ी को रोक दिया गया। विधायक के सुरक्षाकर्मियों ने पुलिसकर्मियों को बताया कि गाड़ी में विधायक स्वयं मौजूद हैं। इसके बावजूद गाड़ी आगे नहीं जाने दी गई, जिसके बाद विधायक गाड़ी से उतरकर सीओ के पास पहुंच गए।
दोनों के बीच हुई तीखी नोकझोंक
गाड़ी रोके जाने को लेकर विधायक और सीओ के बीच कुछ देर तक तीखी बहस हुई। वायरल वीडियो में विधायक पुलिस अधिकारी पर तानाशाही करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
विधायक ने पुलिस पर लगाया अभद्रता का आरोप
विधायक अनिल पाराशर ने सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रखते हुए पुलिस पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह अटल्ला चुंगी स्थित बालाजी आश्रम में अपने परिचित से मिलने जा रहे थे। विधायक के मुताबिक, इसी दौरान सीओ ने उनके स्टाफ के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद विवाद की स्थिति बनी।
फिलहाल दोनों पक्षों के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और इसी को लेकर राजनीतिक एवं प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।




