बालोद/धमतरी। शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति और युक्तियुक्तकरण के तहत स्कूलों के विलय को लेकर पालकों और ग्रामीणों का आक्रोश सामने आने लगा है। सोमवार को धमतरी और बालोद जिले में अलग-अलग मामलों में पालकों ने स्कूलों में ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़े :- महासमुंद में नकली पनीर फैक्ट्री पर प्रशासन का बड़ा छापा
धमतरी जिले के बारना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्रों और पालकों ने तेज बारिश के बीच शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर स्कूल में ताला लगा दिया। ग्रामीण लंबे समय से विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक ताला नहीं खोला जाएगा।
वहीं, बालोद जिले के शासकीय नवीन प्राथमिक शाला शिकारीटोला क्रमांक-2 में भी पालकों ने सोमवार को स्कूल में ताला जड़ दिया। पालकों का आरोप है कि विद्यालय को युक्तियुक्तकरण के तहत माध्यमिक विद्यालय करियाटोला में मर्ज करने का निर्णय त्रुटिपूर्ण है। ग्रामीणों ने अधिकारियों पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
स्थिति को देखते हुए पालकों और ग्रामीणों को समझाने के लिए मौके पर तहसीलदार देवेंद्र नेताम और पुलिसकर्मी पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनने का प्रयास किया।




