भिलाईनगर। स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में नाबालिग को धमकाकर उसके रिश्तेदारों के घर से सोने के जेवर चोरी करवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस पार्षद के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दोनों घटनाओं में चोरी किए गए करीब 8 लाख रुपये के सोने के जेवर और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़े :- पोस्ट ऑफिस एजेंट ने 150 से ज्यादा खाताधारकों को लगाया चूना, एक करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी का खुलासा
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा के मुताबिक, दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान ने 9 अगस्त को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार करीब दो से तीन महीने पहले 17 वर्षीय नाबालिग को अनुराग कुर्रे और उसके साथियों ने धमकाया था। आरोपियों ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देकर उसे अपने मामा के घर से सोने के जेवर लाने के लिए मजबूर किया।
पुलिस के अनुसार नाबालिग ने इसके बाद घर से दो सोने की अंगूठियां, एक हार, एक जोड़ी कान की बालियां और एक मंगलसूत्र चोरी कर आरोपियों को दे दिया। इसी तरह नाबालिग की मां शाहीन परवीन ने भी शिकायत दर्ज कराई कि उसके घर से एक जोड़ी सोने के कंगन, एक मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां चोरी हुई थीं। ये जेवर भी नाबालिग के जरिए अनुराग कुर्रे को दिए जाने की बात सामने आई है।
शिकायत मिलने के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी जानकारी और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी किए गए सोने के जेवर समेत अन्य सामान बरामद कर लिया।
पुलिस ने मामले में भिलाई के वार्ड नंबर-6 के कांग्रेस पार्षद रविशंकर कुर्रे के बेटे अनुराग कुर्रे (32), करन सोनी (25) और रोहित गुप्ता (23) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि अनुराग कुर्रे ने नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग एप पर पैसे लगाने की आदत डाली थी। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।




