बिलासपुर | तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हुई हत्या और सिलसिलेवार चाकूबाजी की वारदात से शहर में सनसनी फैल गई। तोरवा स्थित शराब दुकान के सामने मामूली विवाद के बाद दो युवकों ने भाजपा समर्थित पूर्व जनपद सदस्य गीता साहू के पति बबला साहू उर्फ शिवनंदन साहू (56) की चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी।
यह भी पढ़े :- ‘कांग्रेस भवन से ही फैसला सुना दें!’ झीरम घाटी मामले पर अजय चंद्राकर का तीखा हमला
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शराब दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और सीसीटीवी (CCTV) कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए। भागने के दौरान आरोपियों ने एक बुजुर्ग पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
विवाद के बाद गले पर किया चाकू से वार
जानकारी के अनुसार, देवरीखुर्द निवासी बबला साहू पेशा से ऑटो चालक थे। सोमवार को तोरवा स्थित शराब दुकान के पास उनका दो अज्ञात युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ी कि युवकों ने चाकू निकालकर बबला साहू के गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण बबला साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शराब दुकान में तोड़फोड़, सीसीटीवी कैमरे फोड़े
हत्या की वारदात के बाद आरोपियों ने शराब दुकान के बाहर काफी देर तक उपद्रव मचाया, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और लोग जान बचाकर भागने लगे। इसके बाद आरोपियों ने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की और साक्ष्य छिपाने की नीयत से वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के तुरंत बाद दुकान को बंद करा दिया गया।
भागते समय रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी पर हमला
हत्या की घटना के कुछ ही देर बाद तोरवा के बूटापारा निवासी रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी कन्हैया लाल (65) पर भी जानलेवा हमला हुआ। देवरीखुर्द एनीकट के पास बाइक सवार युवकों ने बुजुर्ग के गले पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर हालत में कन्हैया लाल को उपचार के लिए सिम्स (CIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशंका जताई जा रही है कि इस हमले में भी वही आरोपी शामिल थे। वहीं, एक बच्चे पर भी हमले की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जांच में जुटी पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज
सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



