रायपुर। राजधानी में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे से 106.19 ग्राम MDMA के साथ राजस्थान के एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त MDMA और आईफोन समेत कुल मशरूका की कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
यह भी पढ़े :- कारीगर बनकर 60 ग्राम सोना चोरी करने वाला अंतर्राज्यीय आरोपी जोधपुर से गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामनिवास माचरा (22) निवासी ग्राम केरला नाडा बिकमकोर, थाना मतोड़ा, जिला फलोदी, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी रायपुर में MDMA की खेप सप्लाई करने के इरादे से पहुंचा था।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास एक युवक MDMA लेकर बिक्री के लिए खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान कर घेराबंदी की गई और उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 106.19 ग्राम MDMA बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी से मादक पदार्थ के परिवहन और रखने से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने MDMA के साथ एक आईफोन भी जब्त किया है।
साथियों के कहने पर रायपुर लाने का दावा
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर MDMA की बिक्री करता है और उन्हीं के कहने पर नशे की खेप लेकर रायपुर में सप्लाई करने आया था।
अब पुलिस आरोपी से MDMA के सप्लायर, खरीदी के स्रोत, रायपुर में खेप लेने वाले लोगों और उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
मामले में गंज थाना पुलिस ने धारा 22(ग) NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
73 NDPS मामलों में 163 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत NDPS एक्ट के 73 मामलों में 163 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक इन मामलों में करीब 5 करोड़ 47 लाख 4 हजार 290 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार जब्ती में 588.97 किलोग्राम गांजा, 27,875 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, 173 ग्राम MDMA, 4.55 ग्राम कोकीन, 20.740 ग्राम हेरोइन, 71 ग्राम अफीम सहित अन्य मादक पदार्थ शामिल हैं। इसके अलावा 13.55 लाख रुपये से अधिक नकद, 8 चारपहिया वाहन, 11 दोपहिया वाहन और 81 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
MDMA बरामदगी के इस मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है और नशे के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।



