रायपुर। राजधानी में कारीगर बनकर सोना चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी को पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने आभूषण बनाने के लिए दिए गए 60 ग्राम कच्चे सोने में से पूरा सोना चोरी कर लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त मशरूके की कीमत करीब 4.70 लाख रुपये बताई गई है।
यह भी पढ़े :- तिरंगा यात्रा को लेकर भूपेश बघेल का भाजपा पर हमला, बोले- ‘यह छद्म राष्ट्रवाद है’
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू डोलाई (35) पिता प्रहलाद चंद्रा डोलाई, निवासी जायरम चाक, पूरबा मेदिनीपुर, थाना पासकूड़ा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
आभूषण बनाने के लिए दिया था 60 ग्राम सोना
पुलिस के मुताबिक, नयापारा शंकर चौक निवासी नंदकिशोर सोनी की एलजी डाई कटिंग की दुकान है। उन्होंने सोने के आभूषण तैयार कराने के लिए राजू को कारीगर के रूप में काम पर रखा था।
11 जनवरी 2026 को नंदकिशोर सोनी ने आरोपी राजू को करीब 60 ग्राम कच्चा सोना (6 तोला) दिया था, जिसकी कीमत उस समय करीब 7.80 लाख रुपये थी। आरोपी ने सोना दुकान की कारीगर आलमारी में रख दिया था।
इसके बाद राजू अचानक काम पर आना बंद हो गया और अपने निवास पर भी नहीं मिला। 15 जनवरी को आलमारी की जांच की गई तो उसमें रखा 60 ग्राम सोना गायब मिला। इसके बाद गोलबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 16/26 के तहत धारा 306 BNS में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
तकनीकी जांच से जोधपुर पहुंची पुलिस
लंबित संपत्ति संबंधी मामलों की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गोलबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी के संबंध में उपलब्ध जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया।
जांच के दौरान आरोपी के जोधपुर में होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम राजस्थान रवाना हुई और स्थानीय स्तर पर निगरानी करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
तकनीकी सहायता और लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने राजू डोलाई को जोधपुर से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
40 ग्राम सोना बरामद, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 40 ग्राम कच्चा सोना और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 4.70 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अब आरोपी से चोरी किए गए शेष 20 ग्राम सोने, चोरी के माल को खपाने में मदद करने वाले लोगों और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गोलबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।



