दुर्ग/भिलाई। जिले के जुनवानी क्षेत्र स्थित ‘ली वेलनेस स्पा सेंटर’ में स्पा की आड़ में चल रहे देह व्यापार का स्मृतिनगर थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने स्पा सेंटर के मैनेजर, महिला दलाल और ग्राहकों सहित कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से सेंटर पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से मैनेजर, दलाल और कई ग्राहक रंगे हाथों पकड़े गए।
मैनेजर और महिला दलाल की भूमिका
जांच में खुलासा हुआ कि स्पा सेंटर का मैनेजर तनय सोनी ग्राहकों से पैसे लेकर संदिग्ध गतिविधियों को संचालित करता था। वहीं, महिला दलाल हेमा सिंह उर्फ ‘प्रीत’ के जरिए अन्य क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाया जाता था। ग्राहकों से संपर्क साधने और पूरे नेटवर्क को व्यवस्थित रूप से चलाने में मुख्य भूमिका मैनेजर की ही थी।
4 लाख रुपये के मोबाइल व नकदी जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 19 मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत ₹4 लाख) और ग्राहकों से वसूले गए ₹1,900 नकद जब्त किए हैं। इसके अलावा सेंटर से देह व्यापार से जुड़े दस्तावेज, ग्राहकों के रजिस्टर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
पुलिस ने मामले में निम्नलिखित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो दुर्ग-भिलाई के विभिन्न इलाकों के निवासी हैं:
- तनय सोनी (23) – मैनेजर
- हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32) – महिला दलाल
- रूपेन्द्र जंघेल (39)
- रितिक सोनी (26)
- दिनेन्द्र कुमार सोनी (27)
- हेमंत सिन्हा (28)
- अविनाश शर्मा उर्फ अभी (32)
- आनंद कुमार (31)
- अरुण पांडेय (24)
पीटा (PITA) एक्ट के तहत मामला दर्ज
स्मृतिनगर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 (PITA) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब जब्त किए गए मोबाइल फोनों के कॉल डिटेल और दस्तावेजों की खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नेटवर्क कब से सक्रिय था और इसमें अन्य कौन-कौन से लोग संलिप्त हैं।



