रायपुर। राजधानी रायपुर में महिला सुरक्षा के दावों की पोल खोलती हुई सामूहिक दुष्कर्म की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोपियों ने महिला को शराब पिलाकर दो अलग-अलग स्थानों पर इस शर्मनाक करतूत को अंजाम दिया।
यह भी पढ़े :- स्वास्तिक के दोनों ओर क्यों खींची जाती हैं 2 रेखाएं? जानिए इसके पीछे का पौराणिक एवं धार्मिक कारण
आजाद चौक थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर जीरो में मामला दर्ज कर केस डीडी नगर थाने को ट्रांसफर कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सरोना शराब दुकान के पास से ले गए आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता बिलासपुर के चकरभाठा क्षेत्र की रहने वाली है। आरोपियों ने उसे सरोना स्थित शराब दुकान के पास ले जाकर जबरन अथवा बहला-फुसलाकर शराब पिलाई। शराब के अत्यधिक सेवन से जब महिला बेसुध हो गई, तो आरोपियों ने सरोना हाईवे के पास सर्विस रोड के अंधेरे का फायदा उठाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उल्लेखनीय है कि हाईवे के पास सर्विस रोड पर स्ट्रीट लाइटें बंद रहने के कारण वहां अंधेरा रहता है, जिसका फायदा आरोपियों ने उठाया।
स्कूल मैदान में दोबारा की दरिंदगी
इसके बाद भी आरोपियों की हैवानियत खत्म नहीं हुई। वे बेसुध महिला को आरडी तिवारी स्कूल के मैदान में ले गए, जहां उसे दोबारा शराब पिलाई गई और फिर से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 4 हिरासत में
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह आजाद चौक थाना पहुंची और आपबीती बताई। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का होने के कारण आजाद चौक पुलिस ने शून्य (Zero FIR) पर अपराध कायम कर केस संबंधित थाने को सौंप दिया।
डीडी नगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दबिश दी और वारदात में शामिल शिवा, आयुष, दुर्गा तथा एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।



