रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 19 वर्षीय बीएड छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा के शरीर और गले पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़े :- ‘मिलावटखोरों को नहीं बख्शेंगे’, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की सख्त चेतावनी; कांग्रेस पर भी साधा निशाना
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान भारती नेताम (19) निवासी कोकपुर, जिला कांकेर के रूप में हुई है। वह रायपुर के एक कॉलेज में बीएड की छात्रा थी। भारती पिछले छह से सात महीने से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल के साथ बोरियाकला स्थित किराए के मकान में रह रही थी। दोनों की मुलाकात पढ़ाई के दौरान हुई थी और बाद में वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे।
मृतका की बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले भारती ने फोन कर कहा था कि उसका साथी उसके साथ मारपीट करता है और वह घर लौटना चाहती है। आर्थिक तंगी के कारण वह वापस नहीं आ पा रही थी। परिजनों ने उसकी मदद के लिए ऑनलाइन तीन हजार रुपये भी भेजे थे। कुछ समय बाद उन्हें सूचना मिली कि भारती को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि भारती के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। विशेष रूप से आंख के नीचे, ठुड्डी और गर्दन के पीछे चोट मिलने से उन्हें आशंका है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर गला घोंटकर हत्या की गई। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजगहन थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। मुख्य संदेही सावंत बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं, दोनों के संबंधों और घटना से पहले हुए विवादों की गहन जांच में जुटी हुई है।



