दुर्ग। जिले के जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र में ग्राम तूमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में मामला लूट का विरोध करने पर हत्या किए जाने का सामने आया है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात प्रकाश सिंह कश्यप अपने एक साथी के साथ भिलाई से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान करगीडीह से चिखली चौक के बीच एक बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले मोबाइल फोन और नकदी लूटने का प्रयास किया।
जब प्रकाश सिंह कश्यप ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह जान बचाकर भाग निकला और पुलिस को घटना की सूचना दी।
वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब 4 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक प्रकाश सिंह कश्यप धमधा ब्लॉक के ग्राम तूमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और अलग-अलग पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।



