बलौदाबाजार। प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत सोमवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पटवारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। इस दौरान जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में धरना-प्रदर्शन कर पटवारियों ने शासन से पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने और वेतन विसंगति दूर करने की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने कहा कि राजस्व निरीक्षक (आरआई) और नायब तहसीलदार के पदों पर पदोन्नति के लिए वरिष्ठता और विभागीय परीक्षा के आधार पर 50-50 प्रतिशत पद निर्धारित किए जाएं। साथ ही वर्षों से लंबित वेतन विसंगति का भी शीघ्र समाधान किया जाए।
पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में राजस्व निरीक्षकों के बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, जिससे राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2013 के बाद से पटवारियों की पदोन्नति नहीं हुई, जिसके कारण कर्मचारियों में निराशा और असंतोष का माहौल है।
संघ का कहना है कि एक दिवसीय हड़ताल और प्रदर्शन के माध्यम से शासन का ध्यान कर्मचारियों की समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया है। यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रांतीय स्तर पर बैठक कर आंदोलन को और व्यापक रूप देने की रणनीति तैयार की जाएगी।
पटवारी संघ ने राज्य सरकार से पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने, रिक्त पदों को भरने तथा वेतन संबंधी विसंगतियों का जल्द निराकरण करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और राजस्व कार्यों का संचालन भी अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।



