गरियाबंद। जिले के मैनपुर विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) में स्कूल परिसर के भीतर कथित शराब पार्टी करने वाले दोनों शिक्षकों पर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के बाद शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह भी पढ़े :- लिफ्ट मांगकर चौकीदार की हत्या, लूट के इरादे से दो नाबालिगों ने किया चाकू से हमला
गौरतलब है कि दोनों शिक्षकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे स्कूल के कार्यालय में बैठकर शराब पीते और चखना करते नजर आए थे। वीडियो में उस दौरान विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राएं भी मौजूद दिखाई दिए, जबकि नियमित पढ़ाई प्रभावित होने की बात सामने आई थी।

मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने पहले दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। प्रारंभिक जांच के बाद संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने मामले को गंभीर मानते हुए दोनों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए।

निलंबन आदेश के अनुसार, दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विभागीय जांच अभी जारी है। जांच रिपोर्ट और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



