कोरबा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से केबल चोरी की कोशिश कर रहे दो युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। लोगों ने दोनों को रस्सी से बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़े :- भारतमाला मुआवजा घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 12.78 करोड़ की 62 संपत्तियां कुर्क, 14 आरोपियों पर पूरक चार्जशीट
जानकारी के अनुसार, सीतामणी स्थित राम मंदिर परिसर में लगे मोबाइल टावर की केबल काटने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान आसपास के लोगों की नजर दोनों युवकों पर पड़ गई। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें पकड़ लिया और मौके से भागने नहीं दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों ने दोनों युवकों को रस्सी से बांध दिया और घटना की सूचना डायल-112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
स्थानीय लोगों ने आरोपियों की पहचान एकलाख खान और लक्की के रूप में की है। लोगों का आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे। उनके पास से गांजा, चिलम और नशीले इंजेक्शन की शीशियां मिलने का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि बरामद सामग्री की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पिछले तीन महीनों में जिले के कई मोबाइल टावरों में केबल चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे दूरसंचार सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
फिलहाल कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। साथ ही उनसे पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।



