श्रीनगर/रायपुर : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने एक बार फिर गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाते हुए कायराना हमला किया है। आतंकियों की अंधाधुंध गोलीबारी में छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकियों की धरपकड़ के लिए बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
काम से लौटते वक्त बनाया निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुलगाम में मजदूरी करने गए छत्तीसगढ़ निवासी दीपक रात्रे (24 वर्ष), पिता उमाशंकर रात्रे और भूपेंद्र (28 वर्ष), पिता दशरथ पर आतंकियों ने अचानक फायरिंग कर दी। इस हमले में सिर में गोली लगने से दीपक रात्रे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र को तत्काल निकटतम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया शोक, सख्त कार्रवाई के निर्देश
घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल (LG) मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात और शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों से स्थिति की समीक्षा की गई है।
उपराज्यपाल ने कहा, “मैं इस कायरतापूर्ण हरकत की कड़ी निंदा करता हूँ। सुरक्षा बलों को अपने आतंकवाद विरोधी अभियान तेज करने और दोषियों का पूरी तरह सफाया करने के निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पूरा देश इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।”



