बिलासपुर। शहर के एक रियल एस्टेट कारोबारी पर 37 वर्षीय महिला से दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धमकी देकर यौन शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है।
यह भी पढ़े :- एनजीटी की सख्ती: रायपुर समेत तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल आयोजनों पर अंतरिम रोक
पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने शून्य पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपी फिलहाल मुंबई में है, जिसकी तलाश की जा रही है।
होटल में नशीला पदार्थ देकर वारदात का आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, मुंगेली नाका क्षेत्र में सिलाई सेंटर संचालित करने वाली महिला की पहचान मकान मालिक व रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू नारंग (45) से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि सितंबर 2024 में आरोपी ने उसे एक कानूनी मामले में मदद का झांसा देकर होटल ईस्ट पार्क बुलाया। वहां कोल्ड-ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे अर्धविक्षिप्त हालत में लाकर दुष्कर्म किया गया और इस दौरान आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 8 महीने तक शोषण
शिकायत में कहा गया है कि घटना के बाद आरोपी ने उक्त वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर महिला को लगातार ब्लैकमेल किया। बदनामी के डर से महिला चुप रही, जिसका फायदा उठाकर आरोपी सितंबर 2024 से अप्रैल 2025 तक अलग-अलग होटलों में उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस बीच आरोपी ने उसे शादी का झांसा भी दिया। बाद में जब पीड़िता ने वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया।
दुकान खाली कराने और झूठे केस में फंसाने की दी धमकी
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी उसे दुकान से बेदखल करने, दोबारा जेल भिजवाने और झूठे मादक पदार्थ (ड्रग्स) के मामले में फंसाने की धमकियां देने लगा। आरोपी खुद को रसूखदार बताते हुए बड़े पुलिस अधिकारियों से अपनी पहुंच का दावा कर पीड़िता पर चुप रहने का दबाव बना रहा था।
पीएमओ के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई एफआईआर
आरोपी के कथित रसूख और धमकियों से डरी पीड़िता सीधे थाने जाने की हिम्मत नहीं जुटा सकी। इसके बाद उसने डाक के माध्यम से सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) सहित पुलिस के उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजी। पीएमओ से शिकायत अग्रसारित होने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज किया।
इन धाराओं में अपराध दर्ज
सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी प्रशांत नारंग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम) (पहचान का दुरुपयोग कर दुष्कर्म), 308(2) (extortion/उगाही) और 351(3) (Criminal Intimidation/आपराधिक धमकी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस होटल के रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्यों और अश्लील वीडियो की कड़ियों को जोड़कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



