अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के “शिमला” के नाम से प्रसिद्ध मैनपाट अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ठंडी जलवायु और शांत वातावरण के लिए देशभर में जाना जाता है। हर साल हजारों पर्यटक यहां सुकून के पल बिताने पहुंचते हैं, लेकिन इन दिनों मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों का शोर इस पर्यटन स्थल की शांति भंग कर रहा है। तेज आवाज और तेज रफ्तार से फर्राटा भर रहे बाइकर्स स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी परेशानी का कारण बन रहे हैं।
यह भी पढ़े :- स्कूल में नशे की हालत में पहुंचे हेडमास्टर, वीडियो वायरल होने से मचा बवाल
जानकारी के अनुसार, छुट्टियों और सप्ताहांत पर बड़ी संख्या में बाइकर्स समूह बनाकर मैनपाट पहुंचते हैं। इनमें से कुछ युवक अपनी बाइकों में नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज धमाकेदार आवाज निकालते हुए सड़कों पर घूमते हैं। कई बार वे तेज रफ्तार में स्टंटबाजी भी करते हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
पर्यटकों का कहना है कि वे मैनपाट की प्राकृतिक खूबसूरती और शांत वातावरण का आनंद लेने आते हैं, लेकिन बाइकों की लगातार गूंजती तेज आवाज पूरे माहौल को प्रभावित कर रही है। परिवार और बच्चों के साथ पहुंचे लोगों को भी इससे असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मैनपाट की पहचान उसकी प्राकृतिक शांति और स्वच्छ वातावरण है। यदि समय रहते इस तरह की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई, तो पर्यटन की छवि प्रभावित हो सकती है। उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वाले बाइकर्स के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि मोटर वाहन नियमों के तहत निर्धारित मानकों से अधिक शोर उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग प्रतिबंधित है। देश के कई राज्यों में पुलिस ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई कर चुकी है। ऐसे में स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने पुलिस व जिला प्रशासन से मैनपाट में नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि इस प्रसिद्ध पर्यटन स्थल की प्राकृतिक शांति, सुरक्षित वातावरण और पर्यटन की गरिमा बरकरार रह सके।



