सूरजपुर। जिले के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल से सामने आए कथित वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक हेडमास्टर स्कूल परिसर में कथित तौर पर नशे की हालत में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और मामले में कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
यह भी पढ़े :- भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव पांडेय का तबादला, पहली बार महिला आयुक्त होंगी सुरुचि सिंह
जानकारी के मुताबिक, मामला रामानुजनगर विकासखंड के ग्राम शाल्ही स्थित खोरखोरीपारा प्राथमिक स्कूल का है। यहां पदस्थ हेडमास्टर हरिनंदन सिंह पर आरोप है कि वे स्कूल समय के दौरान शराब के नशे में स्कूल पहुंचे।
वायरल वीडियो में हेडमास्टर कथित रूप से स्कूल परिसर में जमीन पर लेटे नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि वे खुद को संभालने की स्थिति में नहीं हैं और आसपास मौजूद लोगों से अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों और ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर बच्चों का भविष्य संवारा जाता है, वहां इस तरह की घटना बेहद गंभीर है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच और वीडियो की सत्यता की पुष्टि की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात सामने आ रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



