बालोद। जिले के कोतवाली थाना परिसर से चोरी के मामले में हिरासत में लाई गई एक महिला आरोपी के फरार होने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं फरार महिला की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर जिलेभर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
यह भी पढ़े :- घर से निकले दो नाबालिगों का नहीं लगा सुराग, सभी थानों को भेजा गया अलर्ट
पुलिस के अनुसार, चोरी के प्रकरण में गिरफ्तार महिला रेखा सोरी को पूछताछ के लिए कोतवाली थाना लाया गया था। पूछताछ के दौरान वह पुलिस की निगरानी से बचकर थाने से फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक शिव कुमार ध्रुव, पूर्णिमा ठाकुर और उमेश निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अधिकारियों का मानना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में चूक नहीं होती तो आरोपी थाने से फरार नहीं हो पाती।
एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि फरार महिला की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और आसपास के जिलों को भी अलर्ट किया गया है। साथ ही आरोपी के खिलाफ पुलिस हिरासत से फरार होने का एक अलग मामला भी दर्ज किया गया है।
घटना के बाद पुलिस विभाग ने सभी थानों में हिरासत में रखे जाने वाले आरोपियों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली की समीक्षा शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा।
पुलिस का दावा है कि फरार महिला को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



