रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र से दो नाबालिग भाइयों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों बच्चे 8 जुलाई 2026 की सुबह करीब 11 बजे राजेंद्र नगर स्थित अपने घर से बिना किसी को बताए रेंजर साइकिल लेकर निकल गए। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने उरला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़े :- डिजिटल रजिस्ट्री में बड़ा फर्जीवाड़ा, मृत किसान को ‘पिता’ बताकर हड़प ली ढाई एकड़ जमीन
शिकायत के आधार पर उरला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 311/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, लापता बच्चों की पहचान आयुष चौहान और पीयूष चौहान के रूप में हुई है। दोनों राजेंद्र नगर, थाना उरला, रायपुर के निवासी हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही संभावित स्थानों पर बच्चों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि दोनों बच्चे कहीं दिखाई दें या उनके संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल थाना उरला को सूचना दें। सूचना देने के लिए थाना प्रभारी उरला का मोबाइल नंबर 9479191032 जारी किया गया है। पुलिस ने लोगों से बच्चों का सुरक्षित पता लगाने में सहयोग की अपील की है।



