रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कथित शराब घोटाला, कोल लेवी वसूली और कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाले के मुख्य आरोपियों में शामिल कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल बुधवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के कार्यालय पहुंचे। रामगोपाल अग्रवाल कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष और नान (NAN) के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार वे पिछले करीब तीन वर्षों से सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए थे और ईडी व EOW उनकी तलाश कर रही थीं।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं को राहत! कंपनी की लापरवाही का बोझ जनता पर नहीं
जानकारी के अनुसार, कस्टम मिलिंग मामले में समन जारी होने के बाद रामगोपाल अग्रवाल पूछताछ के लिए EOW कार्यालय पहुंचे। इससे एक दिन पहले मंगलवार को EOW ने उनके बेटे वैभव अग्रवाल से कई घंटों तक पूछताछ की थी। इसके बाद रामगोपाल अग्रवाल का EOW के समक्ष उपस्थित होना जांच में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
कस्टम मिलिंग मामले में क्या हैं आरोप?
आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के अनुसार, वर्ष 2015 से 2023 के बीच धान की कस्टम मिलिंग के लिए राइस मिलर्स को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि के भुगतान में कथित अनियमितताएं की गईं। जांच एजेंसी का आरोप है कि नियमों का उल्लंघन कर कुछ चुनिंदा राइस मिलर्स को अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिससे करीब 127 करोड़ रुपये का कथित घोटाला हुआ। हालांकि, इन आरोपों की अभी न्यायिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।
कोल लेवी मामले की भी जांच जारी
कथित कोल लेवी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और EOW का आरोप है कि वर्ष 2020 से 2022 के बीच कोयला परिवहन से जुड़े कारोबारियों से प्रति टन के हिसाब से अवैध वसूली की गई। जांच एजेंसियों के मुताबिक इस नेटवर्क के जरिए करीब 540 करोड़ रुपये की कथित अवैध लेवी वसूली गई। इस मामले में कई अधिकारियों, कारोबारियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। मामले की सुनवाई अभी जारी है।
शराब घोटाले में भी नाम
रामगोपाल अग्रवाल का नाम राज्य के बहुचर्चित कथित शराब घोटाले की जांच में भी सामने आया है। ED और EOW का आरोप है कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब बिक्री व्यवस्था में कथित सिंडिकेट बनाकर अवैध शराब की बिक्री, कमीशनखोरी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया। जांच एजेंसियों का दावा है कि इस कथित नेटवर्क के जरिए करीब 3,200 करोड़ रुपये का अवैध घोटाला हुआ। हालांकि, इस मामले में भी आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच व अदालती प्रक्रिया जारी है।
फिलहाल EOW रामगोपाल अग्रवाल से विभिन्न मामलों में पूछताछ कर रही है। एजेंसी की ओर से पूछताछ को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



