रायपुर। राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा के नाम पर करोड़ों नहीं तो लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने एक तांत्रिक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़े :- Gangrape Case : भीख मांगकर लौट रही महिला को बनाया बंधक…! 30 घंटे तक गैंगरेप…सक्ती पुलिस की त्वरित कार्रवाई…2 अरेस्ट
आरोप है कि उसने एक डॉक्टर को उसके भाई की संदिग्ध मौत का रहस्य बताने का झांसा देकर करीब 40 लाख रुपये और एक लग्जरी वाहन हड़प लिया। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी डॉक्टर त्रृषभ चौबे हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उनके भाई की इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में था और मौत के पीछे की वास्तविक वजह जानने की कोशिश कर रहा था।
इसी दौरान उनकी मुलाकात रायपुर निवासी तांत्रिक नरेंद्र नयन शास्त्री से हुई। आरोप है कि तांत्रिक ने दावा किया कि वह विशेष तांत्रिक साधना और धार्मिक अनुष्ठानों के जरिए मौत से जुड़े रहस्यों का खुलासा कर सकता है। उसने डॉक्टर को भरोसा दिलाया कि विशेष पूजा-पाठ और तांत्रिक क्रियाओं के बाद उन्हें पूरे मामले की सच्चाई पता चल जाएगी। इसी भरोसे में आकर डॉक्टर ने समय-समय पर बड़ी रकम आरोपी को दी।
शिकायत के मुताबिक, तांत्रिक ने अलग-अलग अनुष्ठानों और पूजाओं के नाम पर करीब 40 लाख रुपये वसूल लिए। इतना ही नहीं, उसने एक एक्सयूवी (XUV) वाहन भी अपने कब्जे में ले लिया। इसके बावजूद न तो वह कोई ठोस जानकारी दे सका और न ही अपने किए गए दावों को साबित कर पाया। जब लंबे समय तक कोई परिणाम सामने नहीं आया तो डॉक्टर को अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने रायपुर पहुंचकर खम्हारडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस तांत्रिक के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया है, वह फिलहाल एक अन्य प्रकरण में जेल में बंद है। हालांकि, नए मामले में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जांच अधिकारी अब यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि क्या आरोपी ने तंत्र-मंत्र, चमत्कार और विशेष साधना का झांसा देकर अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी की है।
इसके लिए उसके वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। यदि जांच में अन्य पीड़ितों की जानकारी सामने आती है तो उन्हें भी प्रकरण में शामिल किया जाएगा। वहीं अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के चमत्कार, तंत्र-मंत्र या अलौकिक शक्तियों के दावों पर आंख मूंदकर विश्वास न करें और किसी प्रकार की आर्थिक लेन-देन से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।



