रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो सोलर टेक्निशियन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़े – नकटी के बाद अब तुता में अतिक्रमण विवाद: NRDA ने 35 मकानों को थमाया नोटिस, ग्रामीणों में दहशत
मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (19 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर तीन तकनीशियन सोलर पैनल लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में दो युवक आ गए। तेज करंट लगने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि सोलर पैनल लगाने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने या हाईटेंशन लाइन के अत्यधिक निकट कार्य किए जाने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।



