भिलाई/दुर्ग। जिले में मानवता को झकझोर देने वाला एक बेहद ही खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ दो सगी मासूम बहनों के साथ पिछले चार महीनों से लगातार दुष्कर्म किए जाने की सनसनीखेज वारदात उजागर हुई है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में दर्दनाक हादसा: सोलर पैनल लगाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए दो टेक्निशियन, मौके पर मौत
इस घिनौने कृत्य को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि पीड़ित बच्चियों के पड़ोस में रहने वाला एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़का है। इस घटना ने समाज और बच्चों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
खेलने के बहाने सूने घर में करता था कुकृत्य
भिलाई नगर के सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी नाबालिग लड़का मासूम बच्चियों को खेलने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाता था और वहाँ उनके साथ इस दरिंदगी को अंजाम देता था। डरी-सहमी बच्चियां आरोपी के खौफ और धमकी के कारण चुप रहीं। लेकिन बीते दिन अचानक एक बच्ची के प्राइवेट पार्ट में तेज दर्द होने के बाद, जब माता-पिता ने पूछताछ की तो बच्चियों ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद इस घिनौने राज का पर्दाफाश हुआ।
पीड़ित पिता ने बिना वक्त गंवाए तुरंत छावनी थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और दोनों बच्चियों के लिए दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस रात करीब 1 बजे दोनों बच्चियों को मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल लेकर पहुंची।
आरोपी हिरासत में, पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
छावनी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य संबंधित कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की सभी कानूनी और विधिवत कार्रवाई की जा रही है। बच्चियों को उचित काउंसलिंग और चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जा रही है।



