कोरबा। जिले में एक बर्थडे पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब शराब के नशे में हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। उरगा थाना क्षेत्र स्थित एक रिजॉर्ट में ट्रांसपोर्टर की जन्मदिन पार्टी के दौरान एक युवक की कथित तौर पर कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, उरगा स्थित मीरा रिजॉर्ट में देर रात ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा का जन्मदिन मनाया जा रहा था। पार्टी में करीब 20 से 25 युवक शामिल हुए थे। देर रात नाच-गाने और शराब पार्टी के बीच करीब 1:30 बजे किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसी दौरान आरोप है कि तुषार ढांढा नामक युवक ने गुस्से में कैंपर वाहन से दीपका के गरुणनगर निवासी उज्ज्वल सिंह को कुचल दिया। वाहन की चपेट में आने से उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी तुषार ढांढा कैंपर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पार्टी में शराब का सेवन किया गया था और नशे की हालत में ही विवाद बढ़कर हिंसक रूप ले गया। पुलिस पार्टी में मौजूद अन्य युवकों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।



