रायपुर। राजधानी रायपुर में डायल-112 सेवा में तैनात एक आरक्षक को ड्यूटी में लापरवाही और अमर्यादित व्यवहार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता ने निलंबन आदेश जारी किया है।
यह भी पढ़े :- नकटी मामले में कांग्रेस का सरकार पर हमला, धनेंद्र साहू बोले- न्याय नहीं मिला तो कोर्ट जाएंगे
जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 की रात करीब 11 बजे सिटी सेंटर मॉल के सामने सर्विस रोड पर कार और बाइक के बीच सड़क दुर्घटना की सूचना डायल-112 को मिली थी। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद डायल-112 में तैनात आरक्षक संदीप शर्मा मौके पर देरी से पहुंचे। इतना ही नहीं, घटनास्थल पर उनका व्यवहार भी शिकायतकर्ताओं और मौजूद लोगों के प्रति अमर्यादित पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरक्षक संदीप शर्मा को निलंबित कर रक्षित केंद्र, रायपुर संबद्ध कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान संबंधित आरक्षक को नियमानुसार निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि डायल-112 जैसी आपातकालीन सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



