रायपुर, 01 जुलाई। Raipur Bulldozer Action : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नकटी गांव में विधायक कॉलोनी निर्माण के लिए 80 मकानों पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद विरोध तेज हो गया है। बुधवार को प्रभावित ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने पुनर्वास के नाम पर जो मकान दिए हैं, उनमें बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उनका कहना है कि मकान इतने छोटे हैं कि पूरे परिवार का वहां रहना संभव नहीं है।
कांग्रेस भी उतरी समर्थन में
प्रदर्शन में रायपुर जिला कांग्रेस के नेता भी शामिल हुए। वहीं, सरायपाली से कांग्रेस विधायक चातुरीनंद ने कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि, हम जनता के सिर पर छत देने के लिए चुने गए हैं, छीनने के लिए नहीं। गरीबों का घर उजाड़कर ऐसा विधायक आवास बिल्कुल नहीं चाहिए।
CM साय को लिखा पत्र, विधायक कॉलोनी शिफ्ट करने की मांग
विधायक चातुरीनंद ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी की योजना वापस लेने या इसे नवा रायपुर में स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने इस कार्रवाई को अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यदि विधायकों के लिए आवास बनाना आवश्यक है, तो नवा रायपुर में उपलब्ध सरकारी भूमि पर आधुनिक कॉलोनी विकसित की जा सकती है।
पुनर्वास और मुआवजे की मांग
विधायक ने प्रभावित परिवारों के तत्काल पुनर्वास, उचित मुआवजे और बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग भी की है। उनका कहना है कि गरीब परिवारों को बेघर कर जनप्रतिनिधियों के लिए आवास बनाना न्यायसंगत नहीं है।
सांसद के आश्वासन के बावजूद हुई कार्रवाई
ग्रामीणों का दावा है कि कार्रवाई से पहले उन्होंने सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात की थी। उन्हें आश्वासन दिया गया था कि बरसात तक किसी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं होगी और समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इसके बावजूद 29 जून को प्रशासन ने 80 मकानों पर बुलडोजर चला दिया।
प्रशासन का दावा- नया रायपुर में मिलेगा आवास
इधर प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है। उन्हें नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित EWS आवासों में बसाने के लिए आवंटन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



