रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने दो महिलाओं पर नशीला पदार्थ पिलाकर आपत्तिजनक तस्वीरें लेने और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बीरगांव के गांधी नगर निवासी दुलीचंद कुम्हार ने शिकायत में बताया कि उसकी पहचान अशोक नगर श्मशान घाट के पास रहने वाली मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी से थी। 6 जनवरी 2026 को महिला के बुलावे पर वह उसके घर पहुंचा, जहां एक अन्य महिला भी मौजूद थी।
शिकायत के मुताबिक, दोनों महिलाओं ने उसे जबरन शराब पिलाई, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। बेहोश होने के बाद उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच ली गईं। दो दिन बाद उसे दोबारा बुलाकर वे तस्वीरें दिखाईं गईं और परिवार व सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग की गई।
पीड़ित ने बदनामी के डर से आरोपियों को अलग-अलग किस्तों में रकम दी। शिकायत के अनुसार, जनवरी से जून 2026 के बीच ऑनलाइन माध्यम से कुल 2.65 लाख रुपये आरोपियों को दिए गए। इसके बावजूद आरोपी लगातार और पैसों की मांग करते रहे तथा तस्वीरें वायरल करने की धमकी देते रहे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुढ़ियारी थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



