रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। महेंद्रा ट्रेवल्स (Mahendra Travels ) की धमतरी से रायपुर आ रही चलती स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। बस से धुआं उठता देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ड्राइवर और हेल्पर की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बेंद्री इलाके में हुई घटना
जानकारी के अनुसार घटना Abhanpur थाना क्षेत्र के बेंद्री इलाके में Jagdalpur–Raipur National Highway पर हुई। धमतरी से रायपुर आ रही बस सामान्य रूप से चल रही थी, तभी अचानक बस से धुआं निकलने लगा।
स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को तेजी से नीचे उतारा गया।
कुछ ही मिनटों में बस आग की चपेट में आई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यात्रियों के उतरते ही कुछ ही मिनटों में बस के भीतर आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया और कई लोग अपना सामान बस में छोड़कर बाहर निकल आए।
दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस का बड़ा हिस्सा जल चुका था और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
Abhanpur Police Station के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
गनीमत रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और समय रहते सभी की जान बचा ली गई।



