रायगढ़। आईटीआई कॉलोनी क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक हादसे में घर में लगी भीषण आग ने एक परिवार को उजाड़ दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में लगे विंडो एसी में ब्लास्ट होने के बाद आग तेजी से फैल गई, जिसमें पिता-पुत्र उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से झुलस गया है और अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही पूरे घर में धुआं और लपटें फैल गईं, जिससे अंदर सो रहे पुरुषोत्तम पटेल और उनके पुत्र राजवीर पटेल बाहर नहीं निकल सके। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा बंद होने के कारण ताला तोड़कर दोनों को बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक पुरुषोत्तम पटेल गंभीर रूप से झुलस चुके थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके बेटे राजवीर पटेल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।
आग इतनी भयावह थी कि घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। यहां तक कि घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गईं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाल ही में घायल राजवीर पटेल का 19वां जन्मदिन मनाया गया था, और परिवार में खुशियों का माहौल था, जो इस हादसे के बाद मातम में बदल गया।
घटना को लेकर मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस और पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे राहत कार्य में देरी हुई। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में विंडो एसी में ब्लास्ट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।



