रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, सरकार के कामकाज और आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव , उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, बैठक में प्रदेश संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है। साथ ही जिलों में चल रहे संगठनात्मक अभियानों, बूथ स्तर की गतिविधियों और जमीनी कार्यों का फीडबैक भी लिया जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और रणनीति पर भी चर्चा की जा रही है। इसके अलावा राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके प्रभाव की समीक्षा भी की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजनाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है।
सूत्रों का कहना है कि यह बैठक हाल ही में संपन्न लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों के बाद संगठन की स्थिति के मूल्यांकन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी को लेकर भी मंथन किया जा रहा है।



