बिलासपुर। जिले में कोयले की हेराफेरी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है। भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन के परिसर में जांच के दौरान कोयले में गड़बड़ी पकड़े जाने के बाद मामला सामने आया। इसके बाद प्रबंधन की शिकायत पर सकरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़े :- व्यापार विहार में दिनदहाड़े 3 लाख की लूट, नकाबपोश बाइक सवार बदमाश फरार
जानकारी के अनुसार, 9 जून को दीपका कोल माइंस से एफ/जी ग्रेड का कोयला भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन के लिए मंगवाया गया था। 10 जून की सुबह तीन ट्रकों में कोयला पहुंचा, लेकिन लैब जांच में वह निर्धारित एफ/जी ग्रेड का नहीं पाया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि रतनपुर क्षेत्र स्थित बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के संचालक और अन्य लोगों की मिलीभगत से कोयले में हेराफेरी की गई। आरोप है कि रास्ते में कोयले की चोरी कर उसकी जगह घटिया या मिलावटी कोयला भर दिया गया, जिससे कंपनी को 25 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।
कंपनी प्रबंधन की रिपोर्ट पर सकरी पुलिस ने कोल डिपो संचालक, सुपरवाइजर, ट्रक मालिक और ड्राइवरों सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आशिक हुसैन, फैजान रजा अंसारी, फुजैल अंसारी, गौरव राजपूत, सीबु खान और दिलीप कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कोल डिपो संचालक, ट्रक मालिक सहित कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।



