रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अंतर्राज्यीय बस स्टैंड क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान टीम ने दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की है। जब्त नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.70 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ANTF को बस स्टैंड क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्धों पर नजर रखी। जांच के दौरान दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से कुल 8.75 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलौदाबाजार निवासी ऋषि साहू और भिलाई निवासी हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस का मानना है कि आरोपी केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि नशे की सप्लाई चेन से भी जुड़े हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल, संपर्क सूत्रों और उनके नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ANTF की इस कार्रवाई को रायपुर में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।



