Odisha Vigilance Raid: ओडिशा में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंधमाल जिले के बलिगुड़ा स्थित आईटीडीए (ITDA) के सहायक कार्यकारी अभियंता (AEE) बैकुंठनाथ बेहरा के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये की चल और अचल संपत्ति का खुलासा हुआ है।
यह भी पढ़े :- सब्जी बेचने वाला निकला नशे का सौदागर, रायपुर में 249 शीशी नशीली सिरप के साथ गिरफ्तार
9 ठिकानों पर एक साथ हुई छापेमारी
विजिलेंस विभाग को सूचना मिली थी कि बैकुंठनाथ बेहरा ने अपनी ज्ञात आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। शिकायत के आधार पर विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस), भुवनेश्वर से सर्च वारंट प्राप्त कर शुक्रवार को उनके और उनके परिजनों से जुड़े कुल 9 स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे शामिल
इस विशेष अभियान में विजिलेंस विभाग की कई टीमें शामिल रहीं। कार्रवाई में 2 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), 5 डीएसपी, 6 इंस्पेक्टर समेत बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों को लगाया गया था।
इन स्थानों पर हुई जांच
छापेमारी भुवनेश्वर, बारिपदा, जाजपुर जिले के धर्मशाला और कंधमाल जिले के बलिगुड़ा स्थित विभिन्न ठिकानों पर की गई। जांच के दायरे में भुवनेश्वर के नीलाद्री विहार, सैलश्री विहार, कानन विहार और चंद्रशेखरपुर स्थित आवास शामिल रहे। इसके अलावा धर्मशाला स्थित पैतृक मकान, बारिपदा में रिश्तेदारों के घर, बलिगुड़ा स्थित कार्यालय कक्ष और सरकारी आवास की भी तलाशी ली गई।
करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
प्रारंभिक जांच में बैकुंठनाथ बेहरा और उनके परिवार के नाम पर बड़ी मात्रा में चल एवं अचल संपत्ति मिलने की जानकारी सामने आई है। विजिलेंस विभाग को अब तक पांच प्रमुख भवनों का पता चला है।
सबसे बड़ी संपत्ति भुवनेश्वर के नीलाद्री विहार क्षेत्र में स्थित लगभग 10,500 वर्गफुट में फैली चार मंजिला इमारत है। इसके अलावा सैलश्री विहार में तीन मंजिला भवन, कानन विहार में लगभग 3,750 वर्गफुट का दो मंजिला मकान और चंद्रशेखरपुर में करीब 2,500 वर्गफुट का एक अन्य दो मंजिला आवास मिला है। वहीं जाजपुर जिले के धर्मशाला स्थित पैतृक जमीन पर बने दो मंजिला भवन की भी पुष्टि हुई है।
संपत्तियों का मूल्यांकन जारी
विजिलेंस विभाग सभी संपत्तियों, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार संपत्तियों का वास्तविक मूल्यांकन और आय के स्रोतों की जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



