भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इरागांव में एक महिला के अंतिम संस्कार को लेकर रविवार को तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। ग्रामीणों के एक समूह ने मृतिका पर धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए गांव में अंतिम संस्कार किए जाने का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
यह भी पढ़े :- कभी लाल आतंक की पहचान, आज विकास और जनविश्वास का प्रतीक बना अबूझमाड़ : केदार कश्यप
जानकारी के अनुसार, इरागांव निवासी गणेशिया नेताम का बीमारी के बाद निधन हो गया था। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी कुछ ग्रामीण वहां पहुंच गए और मृतिका के धर्म परिवर्तन करने का आरोप लगाते हुए गांव में अंतिम संस्कार का विरोध करने लगे। देखते ही देखते मामला गर्मा गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया तथा विवाद को बढ़ने से रोका। काफी देर तक चली समझाइश और बातचीत के बाद मृतिका के परिजन शव को दूसरे स्थान पर ले जाकर अंतिम संस्कार करने के लिए सहमत हो गए।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।



