रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में 29 से 31 मई 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में देशभर से आम उत्पादक हिस्सा लेंगे और आम की 250 से अधिक किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- Padmini Ekadashi 2026: आज है पद्मिनी एकादशी: जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और पारण का समय
महोत्सव में आम की विभिन्न प्रजातियों, आम से बने उत्पादों और आम आधारित सजावट व व्यंजनों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
दशहरी से मियाजाकी तक कई खास किस्में रहेंगी आकर्षण
कार्यक्रम में व्यावसायिक श्रेणी के तहत दशहरी, लंगड़ा, मालदा, केसर, अलफान्सो, तोतापरी और फजली जैसी किस्मों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं संकर प्रजातियों में आम्रपाली, मल्लिका, पूसा अरुणिमा और अर्का पुनीत शामिल रहेंगी।
स्पेशल कैटेगरी में हाथीझुल, नूरजहां और गुलाब खास जैसी दुर्लभ किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। एक्सोटिक श्रेणी में मियाजाकी, टॉमी एटकिंस और गोल्डन नगेट्स जैसे विदेशी आम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आम से बने व्यंजन और सजावट प्रतियोगिता भी
महोत्सव में आमरस, पना, अचार, चटनी, आम पापड़, जैम और मिठाइयों सहित आम से बने उत्पादों की प्रतियोगिता आयोजित होगी। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, महिलाएं और आम नागरिक आम आधारित सजावट प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे।
इसके अलावा मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस, आम आधारित मॉडल और बोनसाई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
11 गुठलियां लाने पर मिलेगा आम का पौधा
प्रकृति की ओर सोसायटी की ओर से 11 आम की गुठलियां लाने वाले लोगों को उन्नत किस्म का आम का पौधा दिया जाएगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध शेफ आम से बनने वाले विशेष व्यंजन बनाना भी सिखाएंगी।
किसानों को मिलेगा तकनीकी मार्गदर्शन
30 मई को “आम उत्पादन समस्या एवं समाधान” विषय पर तकनीकी परिचर्चा आयोजित की जाएगी। इसमें विशेषज्ञ किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले आम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
31 मई को सफल आम उत्पादक और उद्यमी अपने अनुभव साझा करेंगे। अंतिम दिन प्रतिभागियों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को प्रति किस्म 5 से 10 आम लाने होंगे, जबकि आम से बने उत्पादों के लिए न्यूनतम 250 ग्राम सामग्री के साथ पंजीयन कराया जा सकेगा। आयोजन में प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।



