कांकेर, 25 मई। Naxal Operation : छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और डेटोनेटर बरामद किए हैं। संयुक्त ऑपरेशन के दौरान जंगलों में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का बड़ा जखीरा जब्त किया गया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े विस्फोटक नेटवर्क को ध्वस्त करने का दावा किया है।
यह कार्रवाई कांकेर पुलिस, DRG, BSF और BDS टीम द्वारा संयुक्त रूप से कोयलीबेड़ा और छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान की गई।
जंगलों से मिला खतरनाक सामान
सुरक्षाबलों ने पल्लाहूर-जपमरका जंगल क्षेत्र से कंट्रीमेड BGL लॉन्चर, 25 BGL सेल, 10 सुतली बम, 5 किलो गन पाउडर बरामद किया। वहीं मरकाबेड़ा-आदनार-एलूर जंगल क्षेत्र से 3 बंदूक, BGL लॉन्चर, 800 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, अन्य विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। कुल मिलाकर 1000 से ज्यादा डेटोनेटर और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि नक्सली किसी बड़े हमले की तैयारी में थे। समय रहते बरामदगी होने से एक बड़ी घटना टल गई। लगातार हो रहे सर्च ऑपरेशन से नक्सलियों के नेटवर्क पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा
ऑपरेशन के बाद कांकेर-नारायणपुर सीमा पर सुरक्षा (Naxal Operation) और कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाबलों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सघन अभियान लगातार जारी रहेगा।



