रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस मामलों में जब्त प्रतिबंधित मादक पदार्थों का शुक्रवार को विधिसम्मत नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की गई।
यह भी पढ़े :- जल संकट से फूटा लोगों का गुस्सा, पानी नहीं मिलने पर नगर पालिका पहुंचे वार्डवासी
जानकारी के अनुसार, नष्टीकरण की कार्रवाई सिलतरा स्थित जायसवाल पावर प्लांटके पावर प्लांट में की गई। यह प्रक्रिया जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में संपन्न हुई।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन संदीप कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल और जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्रवाई के तहत पश्चिम जोन के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 42 एनडीपीएस मामलों से जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इनमें लगभग 399.576 किलोग्राम गांजा, 2.90 ग्राम ब्राउन शुगर और 1738 टैबलेट एवं कैप्सूल शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, जन सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण विभाग की अनुमति के बाद सभी जब्त मादक पदार्थों को पावर प्लांट की भट्ठी (फर्नेस) में जलाकर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताई गई है।



