दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के एक कर्मचारी से बीमा पॉलिसी में अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर 38 लाख 30 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, भिलाई सेक्टर-4 निवासी संतोष कुमार, जो बीएसपी में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत हैं, ने भट्टी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में बीमा पॉलिसी की अवधि पूरी होने के बाद वे उसे बंद कराने के लिए बीमा कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान फॉर्म भरने में मदद के लिए उनकी मुलाकात सेक्टर-6 निवासी के. देवासहायम से हुई, जिसने खुद को बीमा एजेंट बताया।
बताया गया कि बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने अधिक रिटर्न देने वाली पॉलिसियों का लालच दिया और निवेश के लिए प्रेरित किया। इसके बाद संतोष कुमार ने आरोपी को 14 लाख रुपये का चेक दिया। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर बीमा कराने के लिए 17 लाख 30 हजार रुपये भी दिए गए।
आरोप है कि इसके अलावा आरोपी ने सुपर बाजार से लगभग 7 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान भी खरीदवाए। बाद में जब संतोष कुमार ने पॉलिसी से जुड़ी जानकारी मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगा। जांच में यह भी सामने आया कि चेक के जरिए जमा की गई राशि भी निकाल ली गई थी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए सेक्टर-6 निवासी रवि कुमार और के. राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।



