जगदलपुर। बस्तर जिले में आज सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से कोंटा जा रही यात्रियों से भरी बस शहर से लगे बालेंगा के पास नेशनल हाईवे-30 पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, बस रायपुर से यात्रियों को लेकर कोंटा जा रही थी। इसी दौरान बालेंगा के पास बस का पट्टा टूट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की जानकारी भी सामने आ रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



