रायपुर। प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं को अधिक आधुनिक, त्वरित और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah जल्द ही नेक्स्ट जेन CG डायल-112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS 2.0) का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान 400 अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों और चलित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी।
यह भी पढ़े :- स्विमिंग पूल हादसे में सिपाही की मौत, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
कार्यक्रम की तैयारियों के तहत प्रदेश के गृह मंत्री Vijay Sharma ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नेक्स्ट जेन CG डायल-112 को तकनीक आधारित सुशासन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से पुलिस सेवा, फायर सर्विस, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन सहायता और हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे नागरिकों को त्वरित और समन्वित सहायता मिल सकेगी।
नई प्रणाली में केंद्रीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, GPS आधारित इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन, GIS आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग, ऑटोमैटिक कॉल लोकेशन पहचान प्रणाली और तकनीक सक्षम डिस्पैच मैनेजमेंट जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल की गई हैं। इसके जरिए अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क दुर्घटना प्रतिक्रिया और चिकित्सकीय सहायता को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
प्रदेश में डायल-112 सेवा वर्ष 2018 से संचालित है और अब तक लाखों लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता उपलब्ध करा चुकी है। वर्तमान में यह सेवा 16 जिलों तक सीमित थी, जिसे अब प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित किया जा रहा है।



