रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पेट्रोल-डीजल की बचत और संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में ईंधन का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करना हर नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में हाईवोल्टेज ड्रामा: यूनीपोल पर चढ़ी युवती, कूदने की धमकी से मचा हड़कंप
मुख्यमंत्री साय ने नरेंद्र मोदी के ईंधन संरक्षण संबंधी आह्वान का समर्थन करते हुए कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा विषय है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शासकीय स्तर पर ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए ठोस कदम उठा रही है। अब मुख्यमंत्री के आधिकारिक दौरों में केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा। साथ ही मंत्रियों और निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से सभी शासकीय वाहनों को इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) में बदलने की दिशा में कार्रवाई शुरू करेगी। उनका कहना है कि इससे ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण नियंत्रण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने और अनावश्यक निजी वाहनों के इस्तेमाल से बचने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से बड़ा सकारात्मक परिवर्तन संभव है और यदि हर नागरिक ईंधन बचत को अपनी जिम्मेदारी माने, तो यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ ईंधन संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हर जागरूक कदम देश की ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान देगा।




