रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में देर रात लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फल बेचकर घर लौट रहे एक युवक को उसके ही परिचित ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर घेर लिया और बंदूक व चाकू की नोक पर 36,600 रुपये लूटकर फरार हो गया।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में सरकारी वाहन होंगे ईवी, मुख्यमंत्री साय ने ईंधन बचत को जनआंदोलन बनाने की अपील
जानकारी के अनुसार, मौदहापारा निवासी शेख शाहिल बाम्बे मार्केट में फल का ठेला लगाता है। सोमवार रात करीब 10:20 बजे वह दिनभर की बिक्री की रकम लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान तालाबपार स्थित महतो गैरेज के पास फिरोज कबाड़ी गली में उसके पिता का पुराना परिचित राजा बैझड़ अपने तीन साथियों के साथ बाइक और एक्टिवा से वहां पहुंचा।
बातों में उलझाकर दिया वारदात को अंजाम
आरोपी राजा बैझड़ ने शाहिल को अल्ताफ नाम के व्यक्ति का घर पूछने के बहाने रोका और बातचीत में उलझा लिया। परिचित होने के कारण शाहिल उनके साथ गली की ओर चला गया। इसी दौरान चारों आरोपियों ने उसे घेर लिया।
पीड़ित के मुताबिक, एक आरोपी ने पीछे से उसका गला पकड़ लिया जबकि अन्य ने उसके हाथ पकड़ लिए। इसके बाद आरोपियों ने बंदूक और चाकू दिखाकर उसकी जेब में रखे 36,600 रुपये छीन लिए।
मौके से फरार हुए आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी बाइक और एक्टिवा से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने परिजनों को सूचना दी और फिर मौदहापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मौदहापारा पुलिस ने आरोपी राजा बैझड़ और उसके तीन साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।



