NEET UG 2026 Cancelled : नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) UG 2026 को रद्द (NEET UG 2026 Cancelled) कर दिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक मामले के सामने आने के बाद यह बड़ा फैसला लिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है।
NTA ने 3 मई 2026 को देशभर में NEET UG परीक्षा आयोजित कराई थी, जिसमें 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा रद्द होने के बाद अब NTA दोबारा परीक्षा आयोजित करेगा। नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
राजस्थान के सीकर से सामने आया मामला
पेपर लीक का मामला राजस्थान के सीकर से सामने आया था। मामले की जांच राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) द्वारा की जा रही थी। शुरुआत में SOG ने पेपर लीक से इनकार किया था, लेकिन जांच के दौरान यह सामने आया कि परीक्षा से पहले एक कथित ‘गेस पेपर’ वायरल हुआ था, जिसके कई सवाल मुख्य परीक्षा में पूछे गए।
120 से 150 सवाल मिलने का दावा
जांच में सामने आया कि वायरल गेस पेपर के 120 से 150 सवाल हूबहू परीक्षा में आए थे। इनमें केमिस्ट्री के करीब 30 और बायोलॉजी के लगभग 90 सवाल शामिल बताए गए हैं। गौरतलब है कि NEET UG परीक्षा में कुल 180 प्रश्न पूछे जाते हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि प्रश्नपत्र छपाई से पहले ही लीक कर दिया गया था।
NTA ने क्या कहा
NTA ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए केस CBI को सौंपा गया है और एजेंसी जांच में पूरा सहयोग करेगी। NTA ने माना कि परीक्षा दोबारा कराने से छात्रों और अभिभावकों को परेशानी होगी, लेकिन परीक्षा की पारदर्शिता और छात्रों का भरोसा बनाए रखने के लिए यह फैसला जरूरी था।
दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं
NTA ने स्पष्ट किया है कि 3 मई को आयोजित परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। पहले किया गया रजिस्ट्रेशन और चुने गए परीक्षा केंद्र मान्य रहेंगे। इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।
एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें। (NEET UG 2026 Cancelled)



