रायपुर। राजधानी रायपुर के राजातालाब स्थित नूरानी चौक में अधिवक्ता रमीजुद्दीन पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। इस मामले में पुलिस की कई टीमों ने ओडिशा और महाराष्ट्र तक दबिश दी थी।
यह भी पढ़े :- आदिवासी वोट बैंक पर सियासत तेज: अमरजीत भगत के बयान से छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमाई
शराब पीने से रोकने पर हुआ था खूनी विवाद
यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। 8 मई 2026 को अधिवक्ता रमीजुद्दीन के भाई जियाउद्दीन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि मोहल्ले के कुछ लोग सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। अधिवक्ता रमीजुद्दीन ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपियों ने मिलकर अधिवक्ता पर चाकू से हमला कर दिया। साथ ही हाथ-मुक्कों से भी जमकर मारपीट की गई। हमले में रमीजुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद फरार हो गए थे आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
एसीसीयू, थाना सिविल लाइन और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर ओडिशा और महाराष्ट्र समेत कई जगहों पर दबिश दी।
चारों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें—
मोहम्मद फजल खान उर्फ मुजीब (35 वर्ष)
मोहम्मद सरताज शरीफ उर्फ ताज (36 वर्ष)
फैजान हुसैन (29 वर्ष)
अब्दुल कलाम उर्फ राजा (40 वर्ष)
शामिल हैं।
आरोपियों ने कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में चारों आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी विस्तृत जांच जारी रहेगी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।



